ख़बर शेयर करें –
Rudraprayag News: मौसम खराब होने से केदारनाथ के मेरू सुमेरू पर्वत पर भारी बर्फबारी के बीच फंसे तीर्थ यात्रियों के लिए देवदूत बने एसडीआरएफ के जवान। एसडीआरएफ के जवानों ने विषम परिस्थितियों में अदम्य साहस का परिचय देते हुए तीर्थयात्री की जान बचाकर उसे सुरक्षित बाहर निकाला।
घटनाक्रम के मुताबिक जिला नियंत्रण कक्ष, रुद्रप्रयाग द्वारा SDRF को सूचना प्राप्त हुई कि श्रीकेदारनाथ से भैरव मंदिर की तरफ 03 से 04 किमी आगे मेरु सुमेरु पर्वत के पास एक तीर्थयात्री मौसम खराब होने व भारी बर्फबारी के बीच फंसा हुआ है जिसके रेस्क्यू हेतु SDRF टीम की आवश्यकता है।
उक्त सूचना पर उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार SDRF टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।
SDRF जवानों द्वारा अत्यधिक विकट परिस्थितियों, दुर्गम मार्ग व भारी बर्फबारी के बीच अदम्य साहस का परिचय देते हुए लगभग 04 किमी पैदल बर्फ पर चलकर , श्रद्धालु सचिन गुप्ता उम्र 38 वर्ष, निवासी- वृंदावन, उत्तर प्रदेश तक पहुँच बनाई गई। तत्पश्चात वैकल्पिक साधनों का प्रयोग करते हुए पूर्ण सुरक्षा के साथ उक्त श्रद्धालु को सुरक्षित केदारनाथ लाया गया। उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल उपचार हेतु विवेकानंद अस्पताल में भर्ती कराया गया।
SDRF जवानों द्वारा मौके की संवेदनशीलता को देखकर अत्यंत दक्षता से कार्य किया गया। क्षणभर की देरी भी प्राण घातक सिद्ध हो सकती थी क्योंकि मैदानी इलाके से आकर उच्च तुंगता क्षेत्र में मार्ग से भटक कर अकेले इतने विषम मौसम में जीवित रहना अत्यंत दुष्कर था।श्रद्धालु द्वारा इतने विकट समय में उनकी सहायता करने के लिए SDRF का आभार व्यक्त किया गया।